तिलोई। मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने आने वाले मरीज व तीमारदारों को अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही से मरीज परेशान हैं। ओपीडी में बिना सूचना के डाॅक्टर नहीं रहते हैं। ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को बेड नहीं मिल रहा है। ऐसे हालात में भी जिम्मेदार सब कुछ ठीक होने का दावा कर रहे हैं।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में सोमवार को 11.45 बजे बाल रोग विशेषज्ञ का कमरा नंबर 15 बंद रहा। दूरदराज से आए मरीज उनके इंतजार में बैठे रहे। दोपहर बाद उनके न आने की सूचना मिलने पर मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। बच्चों के इलाज को आई बहादुरगंज की रीना और रस्तामऊ की जुबेदा को मायूस होकर लौटना पड़ा।
मकदूमपुर निवासी एक मरीज का चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया था जिसे ऑपरेशन के बाद बेड नहीं मुहैया कराया गया। जमीन पर पड़ा मरीज कई घंटे तक पीड़ा से कराहता रहा। तीमारदार ने बताया कि चिकित्सकों ने ऑपरेशन के तुरंत बाद उसके मरीज को बाहर निकाल दिया। सीएमएस डॉ. आजम खान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। कहीं पर चूक हुई है तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा।