गौरीगंज डीपीआरसी में विभाजन विभीषका दिवस के दौरान कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं। स्रोत: सूच
अमेठी सिटी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शुक्रवार को जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर गौरीगंज में प्रदर्शनी आयोजित की गई। पोस्टर, अभिलेख और पुस्तक प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान विस्थापन, संघर्ष और पीड़ा को चित्रों व दस्तावेजों के माध्यम से दिखाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, डीएम संजय चौहान और एसपी सरवणन टी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभाजन की घटनाओं पर भाषण, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि विभाजन का दर्द इतिहास का ऐसा अध्याय है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। जिलाधिकारी ने कहा कि स्मृति दिवस का उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से परिचित कराना और देश की एकता व अखंडता के महत्व को समझाना है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया।
पुलिसकर्मियों ने निकाली मौन तिरंगा यात्रा
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के नेतृत्व में एसपी कार्यालय से मौन तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर पुलिसकर्मी सब्जी मंडी तिराहे तक पहुंचे और वहां से वापस एसपी कार्यालय लौटे। डायल 112 की गाड़ियां भी यात्रा में शामिल रहीं।