अमेठी सिटी। लगातार बदल रहे मौसम के कारण लोग वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। हाल ये है कि मरीज 15 से 20 दिन में फिर से वायरल के शिकार हो रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बार-बार बदलाव की वजह से जुखाम, खांसी और बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। जिन मरीजों की प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, उन्हें वायरल दोबारा पकड़ रहा है। इसलिए इस मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है।
जिले का मौसम कभी गरम तो कभी ठंडा हो रहा है। अस्पतालों में जुखाम, खांसी और बुखार के मरीज कम नहीं हो रहे हैं। कुछ मरीज ऐसे हैं, जो ठीक होने के 15 से 20 दिन बाद फिर से जुकाम, खांसी व बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। पहले ऐसा नहीं होता था, जिसे एक बार वायरल हो गया तो कम से कम उसे दो तीन महीने में दोबारा संक्रमण नहीं होता था।
जिला अस्पताल के चिकित्सक अमित कुमार ने बताया कि मौसम में बार-बार बदलाव की वजह से लोग वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। मौसम में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव सौरभ ने बताया कि बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। ओपीडी में आधे से ज्यादा मरीज जुखाम, खांसी और बुखार के आ रहे हैं। इस मौसम में लोगों को खानपान के साथ ही कपड़े पहनने में सावधानी बरतनी चाहिए।
शनिवार को ओपीडी में कुल 918 मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने बुखार पीड़ितों की जांच कराई। जांच में 327 मरीज बुखार पीड़ित मिले हैं। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं है। ओपीडी पहुंचने वाले सभी मरीजों को उपचार किया जा रहा है।