अमेठी सिटी। उमस भरी गर्मी के बीच त्वचा में फंगल इंफेक्शन और एलर्जी से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन ऐसे 40 फीसदी मरीज उपचार कराने के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सक उपचार करने संग सावधानी बरतने की भी सलाह दे रहे हैं।
गर्मी के चलते स्वस्थ लोग भी विभिन्न बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। उमस भरी गर्मी होने पर पसीना अधिक आता है। इससे शरीर में खुजली शुरू हो जाती है। फोड़ा-फुंसी निकलने लगते हैं। त्वचा पर एलर्जी होने पर व्यक्ति को खुजली महसूस होने के साथ लाल दाने और चकत्ते भी पड़ने लगते है। जिला अस्पताल में तैनात त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एनके तिवारी ने बताया कि अस्पताल में पहले एलर्जी व इन्फेक्शन के 10 से 15 मरीज पहुंचते थे, लेकिन अब गर्मी अधिक बढ़ने से मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
उन्होंने बताया कि इससे बचने के लिए दिन में दो बार साबुन व ठंडे पानी से स्नान करें। सूती कपड़े ही पहनें। कपड़ों को रोजाना धोएं और बदलें, ताकि बैक्टीरिया फैलने की परेशानी न हो। जरूरी होने पर ही धूप में घर से निकलें। पसीना आने पर सूती कपड़े को भिगो कर तुरंत साफ कर लें। सावधानी बरतने के साथ नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक की ही सलाह पर ही दवा लें।