अमेठी सिटी। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में सांसद किशोरी लाल शर्मा ने लापरवाही बरतने पर ऊर्जा और सिंचाई विभाग के एक्सईएन को कड़ी फटकार लगाई। बृहस्पतिवार को विकास भवन के प्रेरणा सभागार में हुई बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं का लाभ जनता को मिलना सुनिश्चित करिए।
सांसद ने कहा कि शिक्षा, बुनियादी ढांचा और जनसुरक्षा किसी भी जिले के विकास की मजबूत नींव हैं। जिन विद्यालयों में बिजली कनेक्शन नहीं है, वहां तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन हटाई जाएं। उन्होंने खराब सड़कों की मरम्मत, झाड़ियों की सफाई और जलभराव की समस्या के निराकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
सांसद ने परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की शिफ्टिंग में लापरवाही पर अधिशासी अभियंता अमेठी को फटकार लगाई। नहरों में टेल तक पानी न पहुंचने पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन को चेतावनी भी दी।
योजनाओं की जानकारी के लिए गांव में लगाएं शिविर
सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए। इसके लिए शिविर आयोजित करें और जनप्रतिनिधियों को सूचना भी दें। बैठक में मनरेगा, दीनदयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं की समीक्षा की गई। रबी सीजन में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश कृषि विभाग को दिए।
दूसरे पेट्रोलपंप पर भुगतान का आरोप
गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने नगर पालिका परिषद में डीजल भुगतान में अनियमितता का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि भुगतान निर्धारित पेट्रोलपंप के बजाय दूसरे पंप के खाते में किया गया। सांसद ने इस पर जांच का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि सांसद और जनप्रतिनिधियों के निर्देशों का पालन कराया जाएगा।
ये रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक सुरेश पासी, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, प्रमुख सदाशिव यादव, सीडीओ सूरज पटेल, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, अपर जिलाधिकारी अर्पित गुप्ता, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, बीडीओ, ब्लॉक प्रमुख और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।