अमेठी सिटी। सांसद किशोरी लाल शर्मा ने शुक्रवार को अपने दौरे के दौरान गौरीगंज स्थित कांग्रेस केंद्रीय कार्यालय में जनसुनवाई की। इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों व स्थानीय नेताओं ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य, राशन, पेंशन, पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याएं रखीं।
जनसुनवाई में कई गांवों के प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। नागरिकों ने नहरों में पानी, खाद की किल्लत, आवास योजनाएं, शौचालय, आवंटन और प्रशासनिक लापरवाही जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। सांसद किशोरी लाल शर्मा ने जनसमस्याएं सुनने के बाद कार्यालय प्रभारी बृजेश तिवारी और उपस्थित अधिकारियों को कई मामलों के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
सांसद ने कहा कि जनता की समस्याएं सुनना और समाधान करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। बिचौलियों की कोई आवश्यकता नहीं है। हर नागरिक सम्मानित है। चाहे वह आमजन हों या पार्टी कार्यकर्ता। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, सुल्तानपुर जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राना, पार्टी प्रवक्ता अनिल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस और सेवा दल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।