अमेठी सिटी। नवरात्र के पहले दिन अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने सात मोबाइल ट्रांसफार्मर ऊर्जा निगम को समर्पित किए। ये ट्रांसफार्मर अचानक खराबी आने पर तुरंत लगाए जाएंगे, जिससे आपूर्ति बाधित न हो। इसके साथ ही पांच गांवों में विद्युतीकरण और एक गांव में संपर्क मार्ग निर्माण का शिलान्यास भी किया गया।
गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में सांसद ने ट्रांसफार्मर ऊर्जा निगम के अधिकारियों को सौंपे। सांसद ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभाओं में सात मोबाइल ट्रांसफार्मर वितरित किए गए। इनकी लागत 54.17 लाख रुपये हैं। इसमें 250 केवीए क्षमता वाले चार ट्रॉली ट्रांसफार्मर भी शामिल हैं। मोबाइल ट्रांसफार्मर के साथ-साथ कई गांवों में विद्युतीकरण कार्य पूरे किए गए।
तिलोई की ग्राम पंचायत लुधवरिया के पूरे काशीराम में 57,424 रुपये, भेटुआ की ग्राम पंचायत भरेथा पूरे गणेश लाल में 3,25,789 रुपये, घटकौर के पूरे खानजहान में 1,99,695 रुपये, अमेठी के जंगल रामनगर पूरे गोसाई में 59,685 रुपये और बाजारशुकुल के भटमऊ तिराहे पर ट्रांसफार्मर स्थापना में 1,87,090 रुपये खर्च हुए। जगदीशपुर की ग्राम पंचायत बाग मीरा सत्य रोड पर 2,48,572 रुपये की लागत से विद्युत लाइनें बिछाई गईं। सांसद ने कहा कि बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करना हमेशा प्राथमिकता रही है। ट्रांसफार्मर और विद्युतीकरण से किसानों, छात्रों, व्यापारियों और आम नागरिकों को लाभ होगा।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, अधीक्षण अभियंता धर्म विजय, अरविंद चतुर्वेदी, मुन्ना सिंह त्रिसुंडी, अनिल सिंह और बृजेश तिवारी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद सांसद रोहसी बुजुर्ग स्थित मां दुर्गन धाम पहुंचे और नवरात्र के पहले दिन मां के चरणों में माथा टेका। यहां उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात की और क्षेत्रीय समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों से चर्चा की।