भादर। रामगंज के पनवरिया मजरे अग्रेसर निवासी राम बहाल कोरी (45) की मौत की गुत्थी अभी सुलझी नहीं है। पुलिस इसे हादसा बात रही है, जबकि परिजन हत्या की आंशका जता रहे है। पुलिस के मुताबिक मिक्सर मशीन मालिक ने ही हादसे में श्रमिक की मौत होने के बाद शव झाड़ियों में फेंका था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि बृहस्पतिवार की रात राम बहाल जोगीबीर से काम खत्म कर लौट रहे थे। रामगंज स्थित केनरा बैंक के पास मिक्सर मशीन की बैरिंग टूटने से वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मशीन चालक ने मालिक को सूचना दी। इसके बाद मालिक और उसका सहयोगी उन्हें कार से दुर्गापुर स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
आरोप है कि घटना की जानकारी परिजनों को न देकर मशीन मालिक ने शव कार पर रखकर रामगंज रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस मशीन मालिक और उसके सहयोगी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा और सभी पहलुओं की जांच होगी।
पोस्टमार्टम में मिले चोट के निशान
पोस्टमार्टम में रीढ़ की हड्डी टूटने और शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। फिलहाल जांच के बाद मामले की सच्चाई पता चलेगी। परिजनों के दावे अलग-अलग हैं। पुलिस का कहना है कि हादसे में घायल होने के बाद उनकी मौत हुई, जबकि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
यह था मामला
रामगंज-सोनारी मार्ग पर खरगीपुर मोड़ के पास शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पनवरिया मजरे अग्रेसर गांव निवासी राम बहाल कोरी (45) का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव से कुछ दूरी पर श्रमिक की साइकिल खड़ी मिली। परिजनों का कहना है कि राम बहाल की हत्या करके शव झाड़ियों में फेंका गया है।