संग्रामपुर (अमेठी)। खौपुर बुजुर्ग गांव का 11 वर्षीय बालक छह दिन बाद सोमवार को ठेंगहा मालती नदी पुल के पास मिला। बालक मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी राधेश्याम वनवासी का पुत्र गोपाल वनवासी नौ जून को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पिता की तहरीर पर संग्रामपुर पुलिस ने रविवार को गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू की।
सोमवार को ग्रामीणों ने बालक को ठेंगहा मालती नदी पुल के पास देखा और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में बालक ने बताया कि गांव में रिश्तेदारी में आया युवक शनि उसे समोसा खिलाने के बहाने अम्मरपुर बाजार ले गया था। वहां से ट्रेन से प्रतापगढ़ और फिर साइकिल से सोरांव के एक गांव पहुंचाया। सोमवार दोपहर युवक उसे ठेंगहा मालती नदी पुल के पास छोड़कर चला गया।
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि किशोर ने रिश्तेदार संग स्वेच्छा से जाने की बात कही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।