अमेठी सिटी। होटल सरस्वती इन मुसाफिरखाना का सभागार मंगलवार को उस समय उत्साह, गौरव और तालियों से गूंज उठा, जब मंच पर एक-एक कर मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। अवसर था अमर उजाला के तत्वावधान में आयोजित भविष्य ज्योति अचीवर्स सम्मान समारोह का।
सभागार में मौजूद छात्र-छात्राओं के चेहरे पर सफलता की चमक साफ दिखाई दे रही थी। गले में मेडल, हाथों में प्रमाणपत्र और मंच से मिल रहे उत्साहवर्धन ने मेधावियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी। समारोह में यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त जीएसटी भूपेंद्र शुक्ला, विशिष्ट अतिथि एसपी सरवणन टी, डीआईओएस डॉ. राजेश द्विवेदी , एसडीएम मुसाफिरखाना नीतेश राज, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी, आलोक प्रमोद इंटर काॅलेज के प्रबंधक देवमणि त्रिपाठी और डॉ. डीके शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
खचाखच भरे सभागार में छात्र, अभिभावक और शिक्षक उत्साह के साथ मौजूद रहे। समारोह के दौरान बार-बार गूंजतीं तालियों ने मेधावियों के उत्साह को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम में शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल के प्रधानाचार्य अवधेश सिंह, अंजनी तिवारी, डिवाइन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक इरशाद हुसैन खान समेत बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
इन स्कूलों के मेधावियों का सम्मान
अमर उजाला भविष्य ज्योति कार्यक्रम में शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल मुसाफिरखाना, प्रमोद आलोक इंटरमीडिएट कॉलेज अमेठी, एमजेएस इंटर कॉलेज गौरीगंज, इंडोरामा पब्लिक स्कूल जगदीशपुर, डिवाइन पब्लिक स्कूल मुसाफिरखाना, जीजीआईसी मुसाफिरखाना, जीजीआईसी कंजास, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना के मेधावियों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तर पर यूपी बोर्ड परीक्षा में टॉप 10 रैंक हासिल करने वाले मेधावी भी सम्मानित किए गए।
अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड के मेधावी हुए सम्मानित
कार्यक्रम में अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड के मेधावियों को भी सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर अलग-अलग कक्षाओं के अलग-अलग विषयों के मेधावियों को प्रमाणपत्र और मेडल देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इनका रहा सहयोग
कार्यक्रम के आयोजन के नागेंद्र मेमोरियल संस्थान पूरबगांव गौरीगंज, शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल मुसाफिरखाना, डिवाइन पब्लिक स्कूल, प्रमोद आलोक इंटर कालेज अमेठी, उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष महेश सोनी, संजय तिवारी, महेंद्र बाबू गुप्ता, कमला नेहरू संस्थान सहयोगी रहे।
बच्चों पर न डालें दबाव : उपायुक्त जीएसटी
उपायुक्त जीएसटी भूपेंद्र शुक्ला ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों पर सफलता प्राप्त करने का दबाव नहीं डालना चाहिए। सफलता प्राप्त करने के लिए टाइम मैनेजमेंट, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति सबसे बड़ी पूंजी हैं। सोशल मीडिया से प्रभावित होने के बजाय स्वयं ऐसा व्यक्तित्व बनाएं, जिससे लोग प्रेरणा लें। उन्होंने पढ़ाई के साथ स्किल विकसित करने की भी सलाह दी। कहा कि तकनीक का उपयोग सुविधाओं के लिए करें, लेकिन आदी बनने से बचना होगा।
मेहनत व अनुशासन से मिलती है सफलता : एसपी
एसपी सरवणन टी ने कहा कि जीवन में सफल होने के लिए दो चीजें सबसे महत्वपूर्ण हैं, मेहनत और अनुशासन। जब आप अनुशासित होकर किसी लक्ष्य के प्रति गंभीरता से मेहनत करते हैं, तब वह लक्ष्य हर हाल में हासिल होता है। कोई भी लक्ष्य मनुष्य से बड़ा नहीं है। आप सभी मेधावी हैं, आपने अपनी मेहनत दिखाई है। इसलिए जीवन में कभी भी हताश होने या विचलित होने की जरूरत नहीं है।
जुनून व निरंतर फोकस से मिलती है कामयाबी : डीआईओएस
डीआईओएस डॉ. राजेश द्विवेदी ने विद्यार्थियों से कहा कि अनुशासन, टाइम मैनेजमेंट और फोकस सफलता की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सूचनाओं की भरमार है, ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी है कि क्या पढ़ना है और क्या नहीं पढ़ना है। उन्होंने कहा कि सही चयन और स्पष्ट लक्ष्य ही विद्यार्थियों को आगे बढ़ाते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता केवल मेहनत से नहीं, बल्कि जुनून और निरंतर फोकस से मिलती है।
मेहनत कभी बेकार नहीं जाती : एसडीएम
मुसाफिरखाना एसडीएम नितेश राज ने कहा कि कभी भी मेहनत बेकार नहीं जाती है। जो बच्चे पढ़ाई पूरी मेहनत और शिद्दत से करते हैं उन्हें निश्चित ही सफलता मिलती है। जिस लक्ष्य को तय किया है, उसे हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयत्न करिए। ईश्वर भी उसी की मदद करता है जो स्वयं की मदद करता है।