अमेठी सिटी। कमरौली के सिंदुरवा में कथित धर्मांतरण प्रकरण की जांच में अब बरामद चार धार्मिक पुस्तकें भी अहम कड़ी बनेंगी। पुलिस इनकी विषयवस्तु खंगालने के साथ सभा में इनके इस्तेमाल का तरीका पता लगाएगी। यह जानने का प्रयास होगा कि वहां आने वाले लोगों को इन पुस्तकों के माध्यम से क्या बताया जाता था और सभा की गतिविधियों में इनकी क्या भूमिका थी।
पुलिस पुस्तकों में लिखी सामग्री का सभा में शामिल लोगों के बयानों और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों से मिलान करेगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि पुस्तकें लोगों को व्यक्तिगत रूप से पढ़ने के लिए दी जाती थीं या सामूहिक रूप से इनके अंश पढ़कर सुनाए जाते थे। इनके जरिये किसी विशेष विचार या गतिविधि के लिए प्रेरित करने का प्रयास तो नहीं किया जाता था, इसकी भी पड़ताल होगी।
पुस्तकों की विषयवस्तु और प्रकरण में लगाए गए आरोपों के बीच संबंध तलाशने के लिए उनके इस्तेमाल की परिस्थितियों को भी समझा जाएगा। जांच में पुस्तकों की सामग्री को केवल धार्मिक विचारों तक सीमित रखकर नहीं देखा जाएगा। पुलिस यह समझने का प्रयास करेगी कि सभा के दौरान किन विषयों पर चर्चा होती थी और पुस्तकों का उसमें कितना महत्व था। इसके लिए बरामद सामग्री के साथ संबंधित लोगों के बयान और अन्य साक्ष्य भी अहम होंगे। हालांकि धार्मिक पुस्तकों का मिलना अपने आप में किसी अपराध का प्रमाण नहीं है। उनकी सामग्री, इस्तेमाल और प्रकरण से संबंध की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर ही की जा सकती है।
एसपी सरवणन टी ने बताया कि कथित धर्मांतरण प्रकरण में बरामद सामग्री सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुस्तकों की विषयवस्तु, उनके इस्तेमाल और संबंधित लोगों की भूमिका की साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि की जाएगी। किसी भी सामग्री को केवल बरामदगी के आधार पर अपराध से नहीं जोड़ा जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
किसने मंगाई थीं पुस्तकें, तलाशे जाएंगे स्रोत
बरामद चारों पुस्तकों के प्रकाशक और खरीद के स्रोत का पता लगाना भी जांच का हिस्सा है। पुलिस यह जानकारी जुटाएगी कि पुस्तकें कहां से खरीदी गईं और सिंदुरवा तक किस माध्यम से पहुंचीं। खरीद संबंधी दस्तावेज और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि इन्हें किसी एक व्यक्ति ने मंगाया था या अलग-अलग लोगों के माध्यम से वहां पहुंचाया गया था।
दूसरे स्थानों पर वितरण की भी होगी जांच
जांच में पुलिस यह भी पता लगाएगी कि पुस्तकें केवल सभा स्थल पर रखी जाती थीं या आसपास के गांवों और दूसरे स्थानों पर भी पहुंचाई जाती थीं। पूछताछ में इनके वितरण से जुड़ी जानकारी सामने आने पर संबंधित स्थानों और लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।