अमेठी के ककवा डीह गांव में रोते बिलखते मासूम के परिजन।-स्रोत : ग्रामीण
अमेठी। क्षेत्र के ककवा डीह गांव में सोमवार को चार वर्षीय मासूम की संदिग्ध हालात में हुई मौत से गांव में मातम पसरा रहा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया है कि मासूम की मौत पानी में डूबने से हुई। उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। घटना रविवार को उस वक्त हुई, जब बच्चा खेलते-खेलते लापता हो गया था।
रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र के अरखा मुस्तकीम गांव निवासी दीपक अग्रहरि अपनी पत्नी प्रीति और दो बेटों प्रिंस व एकांश के साथ अमेठी के ककवाडीह गांव में बहनोई राजाराम के घर प्रीतिभोज में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उनका चार वर्षीय बेटा प्रिंस संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद सोमवार शाम बच्चे का शव राजाराम के घर के पास स्थित टिन से ढके पुराने कुएं से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मंगलवार को आई रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि मासूम की मौत कुएं में डूबने से हुई है। बच्चे की मौत के बाद मां प्रीति अपने छोटे बेटे को खोकर बेसुध है, वहीं पिता दीपक अग्रहरि और बड़ा भाई एकांश भी शोक में डूबे हैं। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। संभवतः मासूम खेलते समय कुएं में गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।