जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों का इलाज करते डॉ. शुभम पांडेय। संवाद
अमेठी सिटी। बारिश के चलते बढ़ी ठंड से गले में खराश, खांसी-जुकाम और बुखार ने लोगों को बेहाल कर दिया है। अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल खुला तो मरीजों को भीड़ लग गई।
पंजीकरण काउंटर, ओपीडी, दवा काउंटर व पैथोलॉजी में मरीजों की कतार दिखी। चिकित्सक को दिखाने के लिए दो घंटे इंतजार करना पड़ा। फिजिशियन और बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में मरीजों की संख्या अधिक रही। फिजिशियन के कक्ष के बाहर खड़े अजीत ने बताया कि कई दिनों से बुखार आ रहा है। वह सुबह नौ बजे पहुंचे थे। परचा बनवाने में एक घंटा तो चिकित्सक को दिखाने में दो घंटे का समय लगा। चिकित्सक ने जांच लिखी है। सैंपल देने जा रहे हैं।
मालती देवी ने बताया कि कई दिनों से जुकाम, खांसी के साथ सांस लेने में समस्या हो रही है। सुबह 8:30 बजे अस्पताल आ गई थीं। 12 बजे गए हैं, अभी तक नंबर नहीं आया। दुर्गा प्रसाद ने बताया कि ठंड के कारण सांस की समस्या बढ़ गई है।
इसके अलावा खांसी और जुकाम ने परेशान कर दिया है। भीड़ अधिक होने के कारण तीन घंटे बाद नंबर आया। चिकित्सक ने दवा देने के साथ सावधानी बरतने की सलाह दी है।