जिला अस्पताल के ओपीडी कक्ष में मरीज का इलाज के दौरान दवा लिखते डॉक्टर। -संवाद
अमेठी सिटी। दिवाली के बाद आतिशबाजी के धुएं और मौसम में बदलाव का असर लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। मंगलवार को गौरीगंज के संयुक्त जिला चिकित्सालय की ओपीडी में 714 मरीज पहुंचे। इनमें 311 बुखार से पीड़ित थे। सांस की परेशानी वाले मरीजों की संख्या भी सामान्य दिनों की अपेक्षा दोगुनी हो गई है।
सुबह 11:40 बजे अस्पताल के परचा काउंटर से चिकित्सकों के कक्ष तक मरीजों की भीड़ लगी रही। कोई खांसी और बुखार से परेशान था तो कोई सांस लेने में दिक्कत की शिकायत लेकर पहुंचा था। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिजन भी चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए इंतजार करते दिखे। दवा काउंटर पर भी मरीजों की आवाजाही बनी रही।
अस्पताल में 311 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। दो सौ से अधिक मरीज खांसी, सर्दी-जुकाम और ठंड लगने की शिकायत लेकर पहुंचे। 30 से अधिक मरीजों ने सांस संबंधी परेशानी बताई। अस्थमा के मरीज भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक पहुंचे। गौरीगंज के नरौली गांव निवासी श्यामलाल (62) और रोहसी बुजुर्ग गांव निवासी कमलेश देवी (55) ने बताया कि दीपावली के बाद से सांस लेने में परेशानी बढ़ गई है।
अनीता (40) ने बताया कि धुएं और ठंडी हवाओं से लगातार खांसी आ रही है। फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि दीपावली से पहले प्रतिदिन 15 से 20 मरीज सांस की समस्या लेकर आते थे। अब इनकी संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। प्रदूषण का असर अगले 10 से 15 दिन तक रह सकता है। अस्थमा के मरीज मास्क पहनें और धुएं से बचें। हृदय रोगी सुबह हल्की धूप में सीमित समय तक टहलें।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक-उल-जमा ने बताया कि मौसम बदलने से बच्चों में खांसी और जुकाम के मामले बढ़ रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार ने बताया कि आंखों में जलन की शिकायत लेकर भी मरीज पहुंच रहे हैं। सीएमएस डॉ. रमेश प्रसाद ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं और मरीजों का समुचित उपचार किया जा रहा है।