भादर। रामगंज के गाजीपुर गांव निवासी चौकीदार साधूराम (70) की मंगलवार को खेत में लगे झटका तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ओम प्रकाश के अनुसार उनके पिता साधूराम रामगंज थाने में चौकीदार पद पर काम करते थे। मंगलवार को मवेशियों को लेकर खेतों की तरफ गए थे। गांव के बाहर एक व्यक्ति के खेत में फसल की सुरक्षा के लिए झटका तार लगाया गया था। इसमें बिजली का करंट उतर रहा था। मवेशी तार की तरफ जाने लगे तो साधूराम उन्हें लौटाने पहुंचे।
इसी दौरान पैर फिसलने से वह गिर पड़े और करंट की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बंद कराकर साधूराम को सीएचसी भादर ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि खेत में फसल की सुरक्षा के लिए तार में बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। सीओ अमेठी श्वेता भास्कर ने बताया कि खेत में लगे बिजली के करंट की चपेट में आने से चौकीदार की मौत की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साधूराम की मौत के बाद बेटे ओम प्रकाश और जय प्रकाश सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं झटका तार की चपेट में आने से चौकीदार साधूराम कोरी (70) को करंट से चिपका देख पोता राहुल कोरी (22) बचाने पहुंचा तो वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। गांव के रोहित और शिवम ने सूखी लकड़ी की बल्ली से राहुल को तार से अलग किया।
झटका करंट से अब तक हुई मौत
24 मार्च 2026 : जामों के रामशाहपुर निवासी सुनील की झटका तार की चपेट में आने से मौत।
19 जून 2026 : जगदीशपुर के हरपालपुर में रामबोध यादव और हीरालाल प्रजापति की मौत।
17 सितंबर 2026 : संग्रामपुर के पतऊ का पुरवा निवासी सुरेंद्रनाथ यादव की जान गई।
बचाव के उपाय
खेतों की सुरक्षा के लिए खुले तार में बिजली का करंट न प्रवाहित करें।
खेत के चारों ओर सुरक्षित बाड़ लगाएं।
खेत के पास बिजली का तार टूटने या गिरने पर उससे दूर रहें।
करंट की चपेट में आए व्यक्ति को सीधे हाथ न लगाएं। पहले बिजली की आपूर्ति बंद करें।
घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से तार से अलग कर तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।
खेत में खतरनाक तार लगे होने की जानकारी बिजली विभाग और पुलिस को दें।
घरेलू बिजली लाइन से खेतों में करंट प्रवाहित करना अवैध
अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि खेतों में घरेलू बिजली लाइन से करंट प्रवाहित करना अवैध है। इससे किसी की मौत या चोट होने पर भूमि मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई हो सकती है। ऐसे मामलों में जेल और जुर्माने का भी प्रावधान है। किसान फसल बचाने के लिए बिजली के खुले तार न लगाएं। सुरक्षित बाड़ का इस्तेमाल करें और हादसे की आशंका होने पर बिजली विभाग को सूचना दें।