गौरीगंज रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर कतार में खड़े लोग। संवाद
अमेठी सिटी। मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू जाने वाले श्रद्धालुओं के सामने टिकट का संकट खड़ा हो गया है। अमेठी होकर गुजरने वाली अर्चना एक्सप्रेस में 30 नवंबर तक कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं। तत्काल कोटे में भी टिकट पाने के लिए यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। दीपावली की छुट्टियों में परिवार के साथ यात्रा की तैयारी कर रहे लोग अब दूसरे विकल्प तलाशने को मजबूर हैं।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन के आरक्षण बुकिंग काउंटर पर रविवार को टिकट के लिए पहुंचे यात्रियों की बातचीत में यह परेशानी सामने आई। कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण श्रद्धालु तत्काल कोटे पर उम्मीद लगाए हैं। इसमें भी टिकट मिलने की निश्चितता नहीं होने से यात्रा की योजना प्रभावित हो रही है। परिवार के साथ जाने वालों के लिए एक साथ सीटों का इंतजाम करना और कठिन हो गया है। ऐसे में यात्रियों को यात्रा की तारीख बदलने या दूसरे मार्ग से जम्मू पहुंचने पर विचार करना पड़ रहा है।
बासूपुर गांव निवासी राहुल सिंह ने बताया कि दीपावली की छुट्टियों में परिवार के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जाना है। कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण अब तत्काल कोटे में टिकट लेने की तैयारी कर रहे हैं। रेहुआ लालगंज गांव निवासी अमित कुमार ने बताया कि त्योहार के समय यात्रियों की संख्या बढ़ने से टिकट का इंतजाम करना कठिन हो जाता है।
जम्मू के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाए तो श्रद्धालुओं को यात्रा का दूसरा विकल्प मिल सकेगा। राघीपुर गांव निवासी सुनील यादव ने बताया कि परिवार के साथ यात्रा करने के लिए एक साथ कन्फर्म सीटें मिलना मुश्किल हो रहा है। तत्काल कोटे में भी टिकट नहीं मिला तो दूसरे मार्ग से जाने पर विचार करना पड़ेगा। मनीपुर गांव निवासी दीपक मिश्रा ने कहा कि त्योहार के समय अतिरिक्त ट्रेन चलने से मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सकती है।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अमेठी होकर जम्मू जाने के लिए अर्चना एक्सप्रेस संचालित होती है। यात्रियों को यात्रा की योजना पहले बनाकर टिकट की उपलब्धता की जानकारी लेनी चाहिए।