जगदीशपुर। सुबह कुछ देर की बूंदाबांदी के बाद खिली धूप से उमस के साथ गर्मी बढ़ गई। इससे दिनभर लोग पसीने से तरबतर दिखे। हालांकि बूंदाबांदी के समय घर से बाहर निकले लोगों ने छाते का सहारा लिया।
बृहस्पतिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में देखते ही देखते बादल छा गए। तेज हवा के बीच कुछ ही देर में बूंदाबांदी होने लगी। सुबह सात से शुरू हुई बूंदाबांदी 09.30 बजे तक चलती रही। तकरीबन ढाई घंटे की बूंदाबांदी ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत पहुंचाई। इस दौरान स्कूल जाने वाले छात्र और नौकरी पेशा से जुड़े लोग बारिश से बचने के लिए छाता लेकर निकले।
बूंदाबांदी बंद होते ही मौसम साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। धूप की तल्खी दिन चढ़ने के साथ बढ़ती गई जिससे उमस के साथ गर्मी बढ़ गई। दिनभर लोग उमस और गर्मी से बेहाल रहे। हालांकि सुबह की बूंदाबांदी से फसलों को संजीवनी मिली है। किसान रामकिशुर, देवतादीन और चंद्रप्रकाश ने बताया कि बूंदाबांदी से धान की फसल को फायदा हुआ है। मौसम विभाग की ओर से पहले ही दो दिन तक मौसम में बदलाव का अनुमान जताया गया था।