इन्हौना के राजापुर में लगी आग ।-स्रोत : स्थानीय नागरिक
राजाफत्तेपुर (अमेठी)। जिले में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को इन्हौना के राजापुर गांव में भूसा बनाने वाली कंबाइन मशीन से निकली चिंगारी ने तबाही मचा दी। देखते ही देखते आग से करीब छह बीघा गेहूं की फसल जल गई।
खेत में आग लगने की जानकारी मिलने पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक घंटे की मेहनत के बाद काबू पाया। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस तो समय पर पहुंच गई, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी तब पहुंची, जब आग बुझ चुकी थी। आग से राम बहादुर यादव, राम अवध यादव, चंद्रपाल यादव, साहब फहद खान, विनोद मिश्रा और शंभूनाथ सिंह कई किसानों की फसल जल गई। राजस्व विभाग ने नुकसान का आकलन कर लिया है।
लेखपाल श्रीकांत यादव ने बताया कि कुल लगभग 12 किसानों की छह बीघा फसल जली है, जिसकी रिपोर्ट तहसील को भेजी गई है। ग्रामीणों ने मोहनगंज फायर स्टेशन की खराब पड़ी गाड़ी को लेकर नाराजगी जताई और सवाल उठाया कि आखिर कब तक फायर ब्रिगेड की लापरवाही से किसानों को नुकसान झेलना पड़ेगा। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द गाड़ी की मरम्मत की मांग की है।