बाजारशुकुल के साईंगंज चौराहे के पास आग से जला गोदाम।
- फोटो : संवाद
बाजार शुकुल (सीतापुर)। खेतों में गेहूं की पराली में अज्ञात कारणों से लगी आग ने सोमवार की दोपहर पड़ोस में एक ठेकेदार के गोदाम को अपनी जद में ले लिया। इससे चार मंजिला गोदाम में रखे करीब चार करोड़ के पाइप जलकर नष्ट हो गए। पड़ोस के यूकेलिप्टस व सागौन के बाग के पेड़ भी जलकर नष्ट हो गए। जगदीशपुर से पहुंची दमकल टीम ने करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया। पानी वाली पाइप जल निगम के ठेकेदार की थीं। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में सहयोग किया।
बाजार शुकुल इलाके के बखारा पूरब गांव निवासी संतोष कुमार मौर्य का कहना है कि वह जल निगम के लिए कई जिलों में पानी वाली पाइप सप्लाई का काम करते हैं। उनहोंने अपना गोदाम क्षेत्र के ही साईंगंज चौराहे के पास चार मंजिला भवन में बना रखा है। इसमें करोड़ों रुपये की पाइप रखी थीं। सोमवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे क्षेत्र के ही इक्का ताजपुर मजरा पांडेयपुरवा गांव के कुछ किसानों के खेत में गेहूं की पराली में अज्ञात कारणों से आग लग गई। करीब 35 बीघा खेतों की पराली जलते हुए आग फैल कर साईंगंज स्थित संतोष कुमार मौर्य के गोदाम तक पहुंच गई। इससे गोदाम में रखी पाइपों में आग लग गई। आग देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम में आग लगी देखकर लोगों ने पुलिस व गोदाम से महज सौ मीटर की दूरी पर स्थित फायर स्टेशन पर सूचना दी, लेकिन फायर टीम कहीं और लगी होने से जगदीशपुर की फायर टीम को सूचना दी गई। करीब 18 किलो मीटर की दूरी तय कर जगदीशपुर की दमकल टीम व पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाई। आग बुझाने के लिए करीब तीन घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। गोदाम मालिक के मुताबिक आग से करीब साढ़े तीन से चार करोड़ का नुकसान हो गया है। इनके चार मंजिला गोदाम भवन के खिड़की दरवाजे सहित अन्य सामान भी जला है। इतना नहीं पड़ोस में स्थित अंजनि कुमार की यूकेलिप्टिस व सागौन के पेड़ वाले बाग भी जलने लगा था। बाग में भी करीब डेढ़ लाख रुपये की लकड़ी व पेड़ जलकर नष्ट हो गए। एसओ तनुज कुमार पाल का कहना है कि उन्हें जब सूचना मिली थी, तब वह चुनाव ड्यूटी में गौरीगंज मुख्यालय आए थे। थाने से सेकेंड मोबाइल टीम पहुंची थी। उसने दमकल टीम बुलाकर आग बुझाने में मदद की।
चुनाव ड्यूटी में लगी थी दमकल टीम, जगदीशपुर से बुलाई गई गाड़ी
साईंगज चौराहे के पास जिस पाइप के गोदाम में आग लगी, वह गोदाम बाजार शुकुल फायर स्टेशन से महज 100 मीटर की दूरी पर है। आग लगने की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना देने के साथ ही लोग फायर स्टेशन सूचना देने पहुंचे, लेकिन वहां कोई भी दमकल टीम नहीं थी। पुलिस ने भी सूचना दी थी, लेकिन जब पता चला कि दमकल टीम चुनाव ड्यूटी में गौरीगंज मुख्यालय भेजी गई है तो पुलिस ने वहां से लगभग 18 किलोमीटर दूर जगदीशपुर के फायर स्टेशन को सूचना दी। जगदीशपुर से दमकल टीम मौके पर पहुंची, तब करीब तीन घंटे बाद लगभग शाम चार बजे आग बुझाई जा सकी।