जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़।
- फोटो : जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़।
अमेठी सिटी। वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार से पीड़ित 635 मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जबकि कुल 1250 मरीजों का पंजीकरण हुआ। चिकित्सकों का कहना है कि मौसमी बदलाव के कारण वायरल संक्रमण फैल रहा है और बुखार ठीक होने में एक सप्ताह तक का समय लग रहा है।
बुधवार सुबह आठ बजे अस्पताल खुलते ही पर्चा काउंटर पर लंबी कतार लग गई। अधिक भीड़ के कारण पंजीकरण कराने में मरीजों और तीमारदारों को आधे घंटे से ज्यादा समय लगा। खून की जांच के लिए पंजीकरण में भी यही स्थिति रही। अस्पताल पहुंचे मरीज क्रांति देवी, संगीता, रामलली, राम कृपाल, विनोद कुमार और रमेश गुप्ता ने बताया कि परचा बनवाए एक घंटा हो गया, लेकिन अभी चिकित्सक को दिखाने का नंबर नहीं आया है। फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय ने कहा कि मौसमी वायरल बुखार बढ़ रहा है। दवा लेने के बाद भी कई मरीजों को एक सप्ताह तक आराम नहीं मिल रहा। ऐसे मरीजों की मलेरिया जांच कराई जा रही है। ओपीडी में पहुंचे अधिकांश मरीजों को बुखार के साथ खांसी, जुकाम और बदन दर्द की शिकायत थी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक-उज-जमा ने बताया कि ओपीडी में 120 बच्चे पहुंचे, जिनमें 55 फीसदी बुखार, जुकाम और खांसी से पीड़ित थे। चिकित्सकों ने मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें, समय-समय पर पानी पीते रहें और तरल पदार्थों का सेवन करें।
बरतें ये सावधानी
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि यह मौसम मच्छरों के प्रजनन का है, जिससे डेंगू और मलेरिया का खतरा अधिक हो गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर और टंकियों को साफ रखें, पूरी बांह के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का प्रयोग करें। तेज बुखार, बदन दर्द या आंखों में दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।