पुलिस लाइन का निरीक्षण करते एडीजी।
- फोटो : पुलिस लाइन का निरीक्षण करते एडीजी।
अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित एसपी कार्यालय सभागार में बुधवार को एडीजी जोन लखनऊ सुजीत पांडेय ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सभी थाना प्रभारीयों के साथ बैठक की। इस मीटिंग का मुख्य उद्देश्य बीट पुलिसिंग और पर्वाें पर सुरक्षा व्यवस्था और साइबर अपराधों पर निगरानी को और प्रभावी बनाना था।
बैठक में एडीजी ने कहा कि चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी पर्व पर विशेष सतर्कता रखी जाए। बड़े अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और उनकी अवैध संपत्ति का चिन्हांकन कर कुर्की हो। उन्होंने बीट पुलिसिंग को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए और अपराध नियंत्रण पर जोर दिया।
साइबर अपराधों पर विशेष ध्यान देते हुए एडीजी ने बताया कि प्रदेश और देश में फ्रॉड के मामले बढ़ रहे हैं। साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से अपराधियों की पहचान कर उनका डॉजियर तैयार किया जा रहा है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, चाहे वे स्थानीय हों या अन्य क्षेत्रों से जुड़े हों। मीडिया से बातचीत में एडीजी ने कहा कि पुलिस अपराध नियंत्रण, साइबर जागरूकता को लेकर सजग है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि बीट पुलिसिंग और साइबर निगरानी मजबूत की जा रही है।