फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: भीड़ पर भारी पड़ रही महाकुंभ जाने की श्रद्धालुओं की आस्था

Wed, 29 Jan 2025 12:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
मिसरौली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पर चढ़ता श्रद्धालुओं का जत्था। -संवाद
विज्ञापन
अमेठी सिटी। प्रयागराज महाकुंभ के सबसे बड़े पर्व मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान व दर्शन की आस्था भीड़ पर भारी पड़ रही है। बस का किराया अधिक होने के कारण अधिकांश लोग ट्रेन से प्रयागराज पहुंचने के लिए स्टेशन पर जुटे हैं। रेलवे स्टेशन पर घंटों देरी से चल रही ट्रेनों की प्रतीक्षा व बंद बोगियां भी उनके उत्साह को कम नहीं कर पा रही हैं। भीड़ के कारण ट्रेन को अतिरिक्त समय तक रोकना पड़ रहा है।
विज्ञापन




मंगलवार को जिले के बनी, गौरीगंज, तालाखजुरी, अमेठी, मिसरौली, रामगंज, पीपरपुर, सहजीपुर रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ जुट गई। मार्ग हो या प्लेटफार्म हर तरफ श्रद्धालु ही नजर आ रहे थे। सभी लोग गंगा मैया के भक्ति के गीत गाते जयकारा लगाते चल रहे थे।


गौरीगंज स्टेशन पर हरिद्वार- प्रयागराज संगम योगनगरी एक्सप्रेस सात घंटे देरी से 10:56 बजे पहुंची। ट्रेन के साधारण कोच के गेट अंदर से बंद होने पर लोग कोच में चढ़ने की कोशिश करने लगे। भीड़ ने आरक्षित कोच पर भी कब्जा जमा लिया। लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर भी दो घंटे देरी से गौरीगंज आई तो भीड़ ट्रेन पर सवार होने के लिए धक्का-मुक्की करती दिखी। देर शाम आने वाली मेला रिंग स्पेशल से यात्रा करने के लिए प्लेटफार्म पर दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं की भीड़ प्रतीक्षा में जुटी दिखी।
विज्ञापन



बुलावा आया है तो संगम पहुंचेंगे ही
गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर मिली बुजुर्ग धनपता ने कहा कि भैय्या गंगा मैया की कृपा है, बुलावा आया है तो जाएंगे ही। रामकृपाली ने कहा कि भैय्या 144 साल पर महाकुंभ आया है। जीवन कॉल में ऐसा अवसर मिला है तो छोड़ेगे नहीं। प्रदीप कुमार ने बताया कि महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान करने का पुण्य है। मौनी अमावस्या पर स्नान तो करेंगे, भीड़ तो मेले में होती ही है। इससे क्या घबराना। रामदयाल वर्मा ने कहा कि भैय्या बस से समय व किराया अधिक लगेगा। प्रयागराज में पैदल भी चलना होगा। इस लिए ट्रेन से ही जाना बेहतर होगा।



प्रयागराज के लिए रवाना हुए तीन हजार से अधिक लोग
प्रयागराज महाकुंभ में दर्शन करने के लिए दो ट्रेनों से तीन हजार से अधिक लोग रवाना हुए। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर से बनी रेलवे स्टेशन से 280, गौरीगंज से 625, तालाखजुरी से 385, अमेठी से 568, मिसरौली से 242 और सहजीपुर से 267 से अधिक टिकट की बुकिंग मंगलवार को प्रयागराज के लिए हुई है। इसके अतिरिक्त योगनगरी एक्सप्रेस से गौरीगंज से 356 व अमेठी से 280 लोग रवाना हुए हैं। देर शाम आने वाली मेला रिंग स्पेशल से भी तकरीबन इतने ही लोगों के प्रयागराज संगम जाने की संभावना है।



सुरक्षा के बीच हो रहा ट्रेनों का परिचालन
गौरीगंज रेलवे स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि संगम यात्रा के लिए जुटी भीड़ के कारण ट्रेनों के आगमन पर लोगों को चढ़ने में परेशानी हो रही है। आरपीएफ व जीआरपी संग स्टेशन कर्मी ट्रेन के आगमन के बाद पूरी तरह निगरानी कर रहे हैं। लोगों के ट्रेन में सवार होने के बाद ही सुरक्षा व संरक्षा नियमों के बीच ट्रेनों को आगे जाने के लिए सिग्नल दिया जा रहा है। इसके लिए स्टेशन पर अतिरिक्त समय तक ट्रेनों का ठहराव भी करना पड़ रहा है।




छह बसें गईं प्रयागराज

एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि परिवहन विभाग की तरफ से मौनी अमावस्या पर्व पर डिपो की 45 बसों में 40 को महाकुंभ के लिए संचालित किया जा रहा है। मंगलवार को अमेठी डिपो से सीधे प्रयागराज के लिए छह बसें भेजी गईं। सोमवार शाम को भी चार बसें कुंभ के लिए भेजी गई थी। अन्य बसें सुल्तानपुर से गोंडा होकर प्रयागराज के लिए भेजी गई हैं।



दुर्गापुर, रामगंज मार्ग पर रही जाम की स्थिति
जिले के दुर्गापुर, रामगंज होते हुए प्रयागराज मार्ग पर सुबह से लेकर शाम तक लोग विभिन्न वाहनों से रवाना हुए। निजी कार, बस, ट्रैक्टर ट्रॉली, पिकअप आदि के माध्यम से लोग महाकुंभ के लिए रवाना हुए। सुबह से लेकर शाम तक अयोध्या प्रयागराज हाईवे पर श्रद्धालुओं के वाहन के चलते जाम की स्थिति बनती रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें