मुसाफिरखाना के चितईपुर गांव में हवलदार को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई देते पुलिसकर्मी। स्र
मुसाफिरखाना। चितईपुर गांव निवासी हवलदार को बुधवार को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को अमेठी पुलिस लाइन से पहुंचे जवानों ने सलामी दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। मणिपुर में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से रविवार शाम उनकी मौत हो गई थी।
मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीण उमड़ पड़े। पार्थिव शरीर के साथ मणिपुर से सीएचएम रामचंद्र और नायक आरके सिंह भी पहुंचे थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
बुधवार को अंतिम संस्कार से पहले घर से करीब 100 मीटर दूर अमेठी पुलिस लाइन से पहुंचे जवानों ने हवलदार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद जनरल इंजीनियरिंग रिजर्व फोर्स के जवानों ने भी तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को सलामी दी। घर से अंतिम यात्रा निकली तो ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि दी।
पुत्र श्रवण कुमार और अमर कुमार, पुत्री अंजू समेत अन्य परिजनों ने अंतिम विदाई दी। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक राकेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह, राहुल गुप्ता, राजू ओझा, प्रधान फिदा हुसैन आदि मौजूद रहे।