वायरल वीडियो में अधेड़ को मारता हुआ पुलिस कर्मी ।-स्रेात : सोशल मीडिया
अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय गौरीगंज कस्बे में एक सिपाही सरेबाजार बुजुर्ग को जमीन पर गिराकर पिटाई कर रहा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो गौरीगंज थाना क्षेत्र के कस्बे का बताया जा रहा है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी सिपाही किस थाने में तैनात है।
वीडियो में दिख रहा है कि वर्दीधारी सिपाही सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग से बात कर रहा था, तभी अचानक उसने बुजुर्ग को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उसके बाद उस पर लातों से हमला कर दिया। बुजुर्ग मनोरोगी प्रतीत हो रहा है। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और विभागीय अधिकारी आरोपी सिपाही की पहचान में जुट गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी सिपाही किसी थाने में तैनात है और वीडियो कब का है इसकी पुष्टि की नहीं हो पाई है। हालांकि अमर उजाला इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। वीडियो की जांच करवाई जा रही है। जांच के बाद वीडियो कहां का है और सिपाही कौन है की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।