अमेठी सिटी। जर्जर सड़क पर आवागमन का दंश झेल रहे सोनारी, रतापुर, रघईपुर, भादर सहित कई गांवों के ग्रामीणों की परेशानी जल्द दूर हो जाएगी। 59 लाख रुपये से भादर-परसोइया मार्ग से नरहरपुर संपर्क मार्ग की मरम्मत के प्रस्ताव को शासन की मंजूरी मिल गई है। दो माह में प्रस्तावित मार्ग की मरम्मत पूरी करते हुए पांच साल तक अनुरक्षण किया जाएगा।
भादर क्षेत्र के सोनारी, रतापुर, रघईपुर, भादर, नरहरपुर, परसोइया, ओझा का पुरवा, भावापुर, सिंगठी सहित कई गांवों को जोड़ने वाली भादर-परसोइया सड़क से नरहरपुर संपर्क मार्ग भारी वाहनों के आवागमन व जलभराव से क्षतिग्रस्त हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 50 हजार लोग आवागमन करते हैं। मरम्मत के अभाव में सड़क जर्जर हो गई है। इससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल होते रहते हैं। लोक निर्माण विभाग ने सर्वे करवाते हुए मार्ग के नवनिर्माण के लिए 59 लाख रुपये का अनुमानित आगणन तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजा था।
शासन ने प्रस्ताव मंजूर करने के साथ ही आगणन राशि को वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए जारी कर दिया है। सड़क की मरम्मत होने से लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा। नरहरपुर गांव निवासी शरद द्विवेदी ने कहा कि मार्ग की मरम्मत के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है। भादर के अजय सिंह ने कहा कि मार्ग की मरम्मत संग पांच साल तक अनुरक्षण व्यवस्था होने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता रहेगी तो जल्द मार्ग जर्जर नहीं होगा।
सोनारी के संजय तिवारी ने कहा कि मार्ग के जर्जर होने के बाद कई बार शिकायत की, लेकिन देर से ही सही, ढंग से पांच साल तक मार्ग को बेहतर रखने की व्यवस्था तो बनी है। पीपरपुर के राणा सिंह ने कहा कि जर्जर मार्ग से आवागमन करते समय लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
दो माह में पूरा कराया जाएगा प्रस्तावित कार्य
लोक निर्माण प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि ठेकेदार के चयन की प्रक्रिया गतिमान है। ठेकेदार का चयन होने के बाद अवर अभियंता की निगरानी में निर्धारित समय सीमा दो माह में मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करते हुए लोगों को आवागमन में सुविधा दी जाएगी।