गौरीगंज कस्बे में धूप से बचाव कर जाती युवतियां। संवाद
अमेठी सिटी। सावन शुरू होने के बावजूद जिले में बारिश का इंतजार जारी है। बृहस्पतिवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही, लेकिन बरसात नहीं हुई। उत्तर-पूर्वी हवा चलने के बावजूद उमस और चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल रहे। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर देर शाम कुछ स्थानों पर बारिश हुई।
दिनभर बादल और धूप के बीच आंख-मिचौली चलती रही, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस कम नहीं हुई। दोपहर के समय बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही। लोग घरों और कार्यालयों में पंखे व कूलर के सहारे गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते रहे।
बारिश नहीं होने से धान की फसल के लिए पर्याप्त नमी नहीं मिल पा रही है। जिन किसानों के पास सिंचाई के साधन नहीं हैं, उनकी चिंता बढ़ गई है, जबकि अन्य किसानों को सिंचाई पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। उमस के कारण बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही भी कम रही, जिससे कारोबार पर असर पड़ा। लगातार गर्मी और बिजली की आवाजाही से विद्यार्थियों की पढ़ाई तथा लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है। बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बनी रह सकती है। अच्छी बारिश होने पर ही लोगों को गर्मी और चिपचिपी उमस से राहत मिलेगी।