केंद्रीय टीम का स्वागत करते चिकित्सक
जगदीशपुर (अमेठी)। भारत सरकार की टीम ने बुधवार को हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर कठौरा का भ्रमण किया। टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही अधिकारियों से जानकारी हासिल की। भारत सरकार की राष्ट्रीय गुणवत्ता आकलन सेवा के डॉ. कुलविंदर सिंह व वंदना ठाकुर की टीम बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य के जगदीशपुर के अंतर्गत स्थित हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर, कठौरा पहुंची। टीम ने यहां पर स्वास्थ्य सेवाओं की जांच की।
अधीक्षक डा. प्रदीप तिवारी ने बताया कि हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है। टीम ने एएनएम, सीएचओ व अन्य कर्मियों से जानकारी हासिल की। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय शर्मा ने टीकाकरण से लेकर अन्य बिंदुओं के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक देवनाथ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बसंत राय, डीसीपीएम अशोक यादव, डॉ. विनोद, अजय प्रताप सिंह, नीरज त्रिपाठी आदि मौजूद थे।
अनुपस्थित डॉक्टर को भेजी नोटिस
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि तिलोई के भ्रमण में एक चिकित्सक के लंबे समय से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया था। जानकारी की गई तो पता चला कि डॉ. विनोद छह माह से अनुपस्थित है। इस पर डॉक्टर के घर पर नोटिस भेजी गई है।
बेहतर करें स्वास्थ्य सेवाएं
चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह से सीएमओ ने मुलाकात की। मंत्री ने सीएमओ को जिले की स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने, मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर इलाज मुहैया कराने को कहा है।