फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: युवक की हत्या कर गड्ढे में फेंका शव

Mon, 21 Apr 2025 12:43 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। एक युवक की हत्या कर उसका शव जगदीशपुर-प्रतापगढ़ हाईवे किनारे गड्ढे में फेंककर हत्यारोपी मौके से भाग गए। रविवार सुबह शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की शिनाख्त गौरीगंज क्षेत्र के दूंदीपुर बलीखुर्दवा गांव निवासी चन्द कुमार उर्फ बब्बन कोरी (40) के रूप में हुई है। उसके भाई और रेलवे कर्मी ददन कोरी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन



गौरीगंज शहर से गुजरने वाले जगदीशपुर-प्रतापगढ़ हाईवे स्थित धुलाई सेंटर के बगल गड्ढे में रविवार सुबह युवक का शव देख लोगों ने पुलिस को खबर की। सीओ अखिलेश वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की छानबीन के दौरान एक पुरानी दीवार पर खून के छींटे और शव पर चोटों के निशान देखे गए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि हत्या कर शव को मौके पर फेंका गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वीडियो और फोटोग्राफी के जरिए साक्ष्य एकत्र किए।


हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार
चन्द कुमार ने कुछ समय पहले एक बिसवां भूमि का बैनामा किया था। हालांकि वह भूमि खतौनी में अब भी उसके नाम पर थी। चर्चा है कि इसी भूमि को लेकर किसी से उसका विवाद चल रहा था, जो हत्या की संभावित वजह हो सकती है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
विज्ञापन



10 दिन पहले दिल्ली से गांव आया था बब्बन
मृतक के भाई ददन के मुताबिक चन्द कुमार उर्फ बब्बन कोरी दिल्ली में अपनी पत्नी विमला, बेटों अभिषेक, गोलू, राकी और बेटी शबनम के साथ रहता था। उसने पैतृक भूमि पहले ही बैनामा कर दी है। गांव में सिर्फ उसका मकान है। वह करीब 10 दिन पहले ही गांव आया था। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों व अन्य लोगों के बीच चर्चा थी कि दिल्ली से आने के बाद उसने 19 हजार रुपये में अपनी बाइक भी बेच दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि वह नशे का आदी था ।


परिवार में पसरा मातम, पत्नी व बच्चे दिल्ली से रवाना
चन्द कुमार की मौत की खबर मिलते ही पत्नी विमला बच्चों के साथ दिल्ली से गांव के लिए रवाना हो चुकी हैं। गांव में भाई ददन कोरी और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।



सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गौरीगंज कोतवाली प्रभारी जिलेदार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। उन्होंने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें