अमेठी। क्षेत्र के बेनीपुर निवासी अमर पाल (35) का शव शनिवार सुबह गांव के पास बाग में गमछे के फंदे से लटका मिला। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तेजई पाल ने बताया कि उनका बेटा अमर पाल शुक्रवार रात करीब नौ बजे घर से बिना कुछ बताए निकल गया था। देर रात तक घर न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। लगा कि वह गांव में किसी के यहां गेहूं फसल की मड़ाई करने चला गया होगा। शनिवार सुबह गांव के कुछ बच्चे महुआ बीनने के लिए बाग की ओर से गए तो उन्होंने पेड़ से शव लटका देखा। बच्चों की सूचना पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तो अमर पाल गमछे के फंदे से लटका दिखा।
इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि अमर पाल हाल ही में नशे की हालत में किसी पारिवारिक विवाद को लेकर तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि उसने इसी वजह से आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। यदि परिजन तहरीर देंगे तो पुलिस मामला दर्ज किया जाएगा।
मृतक अमर पाल अपने पीछे पत्नी नीलम और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। बेटा अनूप (12), बेटी लक्ष्मी (4) और सबसे छोटी बेटी महज दो माह की है। पति की मौत के बाद नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है।