तिलोई। मोहनगंज थाना क्षेत्र के पूरे शुक्ला मजरे फूला गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव नौ दिन बाद कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
पूरे हिरई मजरे खरगपुर निवासी इम्तियाज अहमद ने बताया कि उनकी बहन रुखसाना (35) का निकाह करीब 10 वर्ष पहले पूरे शुक्ला निवासी अकील अहमद से हुआ था। दंपती की एक दो साल की पुत्री सारा भी है। आठ मार्च को ससुराल पक्ष से रुखसाना की मौत की सूचना मिली थी। उस समय शव पंखे से लटका बताया गया। परिजनों ने परिस्थितियां स्पष्ट न होने के बावजूद सहमति से शव दफन कर दिया था।
इम्तियाज के अनुसार, दो दिन बाद उन्हें बहन की मौत पर संदेह हुआ, जिसके बाद उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। शिकायत के बाद जब वे बहन के घर पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला और परिजनों के मोबाइल फोन भी बंद थे।
मंगलवार को नायब तहसीलदार अमीषा यादव की मौजूदगी में शव कब्र से बाहर निकलवाया गया। थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है।
दूसरी शादी की आशंका से गहराया शक
मायके पक्ष का आरोप है कि अकील अहमद ने दूसरी शादी कर रखी है। इसी कारण रुखसाना की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में देरी पर नाराजगी
परिजनों का कहना है कि उन्होंने दूसरे दिन ही हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम की मांग की थी, लेकिन प्रक्रिया पूरी होने में नौ दिन लग गए, जिससे उनमें नाराजगी है।