अमेठी सिटी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों पर सुप्रीम रोक लगाए जाने पर जिले के युवाओं ने खुशी जताई है। सुप्रीम कोर्ट से नए नियमों पर रोक लगने के आदेश की जानकारी के बाद युवाओं और सामाजिक संगठनों ने इसका स्वागत करते हुए खुशी में मिठाई भी बांटी। सभी ने इसे शिक्षा व्यवस्था के हित में एक अहम कदम बताया।
सवर्ण युवा समाज के सदस्यों ने अमेठी रेलवे स्टेशन रोड पर एकत्र होकर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर खुशी जताते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। संगठन के सदस्यों का कहना था कि यूजीसी के नए नियमों से छात्रों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों में असमंजस और चिंता का माहौल बन गया था। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला सभी के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। सवर्ण युवा समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सभी ने उम्मीद जताई कि आगे किसी भी नए नियम को लागू करने से पहले सभी पक्षों की सहमति ली जाएगी। प्रतिनिधि जय प्रकाश मिश्र ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से लगाई गई रोक सराहनीय और दूरदर्शी कदम है, जो छात्रों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता को बिखरने नहीं देगा। इस अवसर पर विजय तिवारी छोटू, जितेंद्र तिवारी, प्रतीक मिश्र, विकास शुक्ल, पंकज मिश्रा, अभिनव मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लोकतंत्र और संविधान की जीत बताया।