अमेठी सिटी। मौसम साफ होने के बावजूद ट्रेनों की लेटलतीफी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार को वाराणसी–देहरादून जनता एक्सप्रेस का संचालन नहीं हो सका। कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से गौरीगंज स्टेशन पहुंचीं। ठंड के बीच प्लेटफॉर्म पर प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उधर, वाराणसी से दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के शुक्रवार को निरस्त रहने के कारण भी यात्रियों को दिक्कत होगी।
बृहस्पतिवार को हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल अपने निर्धारित समय 12:19 बजे के स्थान पर दोपहर 02:21 बजे गौरीगंज पहुंची। लखनऊ दिशा में जाने वाले यात्रियों को अधिक दिक्कत हुई। वाराणसी–लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे देरी से पहुंची। दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस ढाई घंटे विलंब से आई। लखनऊ–प्रयागराज पैसेंजर, देहरादून–वाराणसी जनता एक्सप्रेस और डाउन पंजाब मेल भी अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस बुधवार रात गौरीगंज स्टेशन नहीं पहुंच सकी। गौरीगंज, जायस और अमेठी स्टेशनों से बड़ी संख्या में यात्री काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के माध्यम से दिल्ली और अन्य शहरों की यात्रा करते हैं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। यात्रियों को अनाउंसमेंट और सूचना पटल के माध्यम से जानकारी दी जा रही है।