अमेठी–संग्रामपुर मार्ग स्थित मालती नदी पर टूटा वैकल्पिक मार्ग। -संवाद
संग्रामपुर। अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर टिकरिया के पास मालती नदी पर बनाया गया वैकल्पिक मार्ग धंस गया है। मरम्मत न होने के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बार बारिश में नदी का जलस्तर बढ़ने से यह मार्ग चार बार बह भी चुका है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की बार-बार मरम्मत होने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पा रहा। शुक्रवार को मोटरसाइकिल सवार तो किसी तरह जान जोखिम में डालकर निकल गए, लेकिन चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। सड़क धंसने से मरीजों, छात्रों और व्यापारियों को परेशानी हो रही है। टिकरिया निवासी रामसजीवन ने बताया कि हर बार बारिश में यह समस्या खड़ी हो जाती है। जेई को बार-बार फोन करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। वहीं, विजय शंकर का कहना है कि मिट्टी और कंक्रीट डालकर अस्थायी मरम्मत करने से कोई लाभ नहीं मिल रहा। लोगों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि स्थायी पुल का निर्माण ही एकमात्र विकल्प है।
पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अमित पाठक ने बताया कि जेसीबी मौके पर भेजी जा रही है। जल्द ही वैकल्पिक मार्ग को फिर से दुरुस्त करा दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा, ताकि आवागमन में राहत मिल सके।