अमेठी सिटी। जामों के धनेपुर मौजा परसरामपुर गांव निवासी सत्यम पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला। सोमवार को पुलिस टीम उसे एसडीएम कोर्ट में पेश करने ले जा रही थी। रास्ते में आरोपी ने लघुशंका का बहाना बनाया और मौका मिलते ही भाग गया। घटना के बाद विभाग में हलचल बढ़ गई।
पुलिस की टीमें भागे आरोपी की तलाश में जुटी हैं। इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि आलोक कुमार ने 28 जनवरी को सत्यम के खिलाफ मारपीट और मोबाइल तोड़ने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने उसे कस्बे से पकड़ा।
उसे शांतिभंग की आशंका में पाबंद करते हुए एसडीएम कोर्ट भेजा जा रहा था। आरक्षी पंकज कुमार और होमगार्ड द्वारिका आरोपी को मोटरसाइकिल से लेकर निकले थे।
बूढ़े बाबा धाम के पास सत्यम ने लघुशंका जाने की बात कही। बाइक रुकते ही वह किनारे जाने के बजाय अचानक तेजी से भाग निकला।
आरक्षी ने पीछा किया और तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक उसकी तलाश जारी थी। इस बारे में पुलिस अधीक्षक सरवन टी ने बताया कि तीन टीमें गठित की गई हैं।