बाजारशुकुल (अमेठी)। थानाक्षेत्र के एक गांव में रविवार को सड़क किनारे खून से लथपथ बेहोश मिली किशोरी मामले में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच में तेजी आ गई है। शनिवार को पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराया है। लेकिन परिजन किशोरी के स्वस्थ होने के बाद बयान कराने की बात कह रहे हैं। सुल्तानपुर जिले के एक गांव की रहने वाली किशोरी पांच फरवरी को अपनी मां के साथ बाजार शुकुल थाने के एक गांव स्थित मामा के घर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। छह फरवरी को रात गांव के बाहर वह खून से लथपथ बेहोशी की अवस्था में मिली थी। चाचा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म के साथ पाक्सो एक्ट में केस दर्ज किया था। किशोरी का इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में हो रहा है।
शुक्रवार को अस्पताल में उपचार के बाद होश आने के बाद घर पहुंची किशोरी का पुलिस ने शनिवार को मेडिकल करवाया। परिजनों ने कहा कि स्वास्थ्य सही होने के बाद बयान कराएंगे। एसओ अवनीश चौहान ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल टेस्ट हो गया है। बयान बाकी है। बयान दर्ज होने के बाद स्थिति साफ होगी।