भादर/संग्रामपुर। पीपरपुर के इस्माइलपुर बड़ा मजरे नगरडीह गांव निवासी कार्तिक कोरी (12) को चारपाई पर सोते समय और संग्रामपुर के पूरे नरायनदास मजरा सहजीपुर गांव निवासी राजकुमार सरोज (40) को खेत में यूरिया डालते समय सांप डस लिया। इससे दोनों की मौत हो गई। इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस्माइलपुर बड़ा निवासी मनोज कुमार कोरी ने बताया कि उनका बेटा कार्तिक सोमवार रात अपनी मां के साथ चारपाई पर सो रहा था। भोर करीब तीन बजे अचानक सांप ने कार्तिक को डस लिया। अस्पताल ले जाने से पहले ही बेटे की मौत हो गई। संग्रामपुर के नारायनदास मजरे सहजीपुर गांव निवासी सावित्री देवी ने बताया कि मंगलवार सुबह उनके पति राजकुमार सरोज धान की फसल में यूरिया का छिड़काव कर रहे थे। तभी अचानक सांप ने उनके पैर में डस लिया।
घटना के तुरंत बाद वह बेहोश होकर खेत में गिर पड़े। जानकारी मिलने पर पति को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी मौत हो गई। राजकुमार की मौत के बाद पत्नी सावित्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे सूरज व अंकित और बेटी चांदनी व नंदनी पिता की मौत से गमगीन हैं। एसडीएम आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सर्पदंश से मौत आपदा की श्रेणी में शामिल है। योजना के तहत पीड़ित परिवारों को जल्द ही अनुमन्य आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।