बाजारशुकुल (अमेठी)। पूरे गोडियन मजरे संसारपुर गांव निवासी लवकेश (13) की रविवार शाम गोमती नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला।
गांव के ननकू के मुताबिक उनका बेटा लवकेश रविवार शाम बकरी चराने निकला था। इसी बीच वह गांव के अन्य बच्चों के साथ गोमती नदी के किनारे पहुंच गया। तेज गर्मी होने के कारण सभी बच्चे नदी में नहाने लगे। नहाते समय लवकेश का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसके साथ नहा रहे बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन लवकेश डूब गया। थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों का कोई आरोप नहीं है।
लवकेश की मौत के बाद मां शिवमूरता, पिता ननकू, भाई लवकुश और बहनें दीपा व साक्षी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार बेसुध हो जा रही थी। बहनें लवकेश के शव से लिपटकर बिलख रहीं थीं।