बाजारशुकुल (अमेठी)। फत्तेपुरवा मजरे टेवसी गांव निवासी सीमा (27) की संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार सुबह निजी अस्पताल में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर सीमा की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अयोध्या के कुमारगंज निवासी सीमा की शादी फत्तेपुरवा मजरे टेवसी गांव निवासी उमाशंकर के साथ हुई थी। सोमवार सुबह अचानक सीमा की तबीयत खराब हुई। पहले सीमा को सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेजने की सलाह दी। इसके बाद ससुराल पक्ष उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां जांच शुरू होने से पहले ही सीमा की मौत हो गई।
हरिओम ने आरोप लगाया कि बहन की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। थाना प्रभारी अभिनेष कुमार ने बताया कि मृतका के भाई ने मौखिक रूप से आरोप लगाए हैं, लिखित तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।