मुसाफिरखाना (अमेठी)। क्षेत्र के मानशाहपुर गांव में बुधवार रात अर्पित मिश्रा (14) की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अनोज कुमार मिश्रा के मुताबिक बुधवार रात लगभग नौ बजे अर्पित अपने बड़े भाई के साथ पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक बाहर चला गया और अनजाने में घर के पास स्थित कुएं में गिर गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची।
कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से अर्पित को कुएं से बाहर निकाल कर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां अनीता मिश्रा और बड़ा भाई सतीश बेसुध हैं, वहीं पिता अनोज कुमार बेटे की मौत से गमगीन हैं। इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह ने बताया कि यह एक इत्तफाकिया हादसा था। परिजन समझाने के बाद भी पोस्टमार्टम करवाने को तैयार नहीं हुए तो पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव सौंप दिया गया।