अमेठी। सोशल मीडिया पर एक युवक का हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़कर स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो मुंशीगंज क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। हालांकि अमर उजाला इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो में युवक को गांव के पास स्थित हाईवोल्टेज लाइन के खंभे पर चढ़कर स्टंट करते हुए देखा जा सकता है, जो कि जानलेवा साबित हो सकता था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वीडियो कब और कहां का है। लोगों के अनुसार, युवक ने यह खतरनाक स्टंट सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के उद्देश्य से कियाहै।
मुंशीगंज इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस को मिली है। फिलहाल वीडियो की प्रामाणिकता और स्थान की जांच की जा रही है। यदि यह वीडियो मुंशीगंज क्षेत्र से संबंधित पाया गया, तो युवक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।