शाहगढ़। अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र के युवाओं को अब तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत तैयार इन्हौना और महोना पश्चिम के नए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में जल्द पहला शैक्षिक सत्र शुरू होगा। दोनों संस्थानों में सात रोजगारपरक ट्रेडों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण के साथ रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
दोनों आईटीआई को वर्ष 2017 में स्वीकृति मिली थी। करीब 8.02 करोड़ रुपये की लागत से भवन, प्रयोगशाला, कार्यशाला और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। अब दोनों संस्थानों में कुल 196 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। विद्यार्थियों को आधुनिक मशीनों और उपकरणों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तकनीकी दक्षता हासिल कर सकें।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में अप्रेंटिसशिप और प्लेसमेंट से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दोनों संस्थानों के शुरू होने से जिले में राजकीय आईटीआई की संख्या बढ़कर आठ हो जाएगी।
नोडल प्रधानाचार्य महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निर्धारित तिथि तक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद दोनों संस्थानों में नियमित प्रशिक्षण शुरू करा दिया जाएगा।
सात ट्रेडों में मिलेगा प्रशिक्षण
पहले सत्र में सीओपीए, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और मैकेनिक ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी ट्रेड उद्योगों की वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर चयनित किए गए हैं।