गौरीगंज(अमेठी)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के बैनर तले प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह व जिलाध्यक्ष अब्दुल रशीद के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को प्रतिनिधि मंडल ने बीएसए संजय तिवारी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद दस सूत्री मांग पत्र सौंप शिक्षक समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की।
कहा कि प्रतिकूल प्रविष्टि से शिक्षकों को मुक्त किया जाए तो निलंबन बहाली,भविष्य निर्वाह निधि लेखा पर्ची, संपूर्ण मास एक दिवसीय अवरूद्ध वेतन बहाली, अर्जित अवकाश मानव संपदा पर अंकित कराने, शैक्षिक व प्रशैक्षिक अभिलेखों के सत्यापनोंपरांत अवशिष्ट वेतन आदेश निर्गत करने की मांग की। इतना ही नहीं सैदापुर विद्यालय में तीन साल पूर्व स्थानांतरित शिक्षिका का नाम पोर्टल से हटाने, न्यून नामांकन में शिक्षकों के अवरुद्ध वेतन बहाल करने, एवं समस्त लिपिकों के पटल पर पत्रावलियों के निस्तारण के लिए समयावधि में करा शिक्षकों हितों की रक्षा की जाए।
वर्तमान में गर्मी व भीषण उमस के कारण विद्यालय समय परिवर्तन की भी मांग की गयी। बीएसए ने प्रतिनिधि मंडल को हर संभव मदद करने के साथ मांगे पूरी करने का भरोसा देते हुए शिक्षण कार्य को बेहतर बनाने में सहयोग करने की बात कही। इस मौके पर सुरेंद्र बहादुर सिंह, जयराम कनौजिया,श्रीराम सोनी, रमाकांत मौर्य व अवधेश कुमार सिंह कई शिक्षक मौजूद रहे। (संवाद)