अमेठी सिटी। जिले की भादर ब्लॉक स्थित कंपोजिट विद्यालय प्रथम में बुधवार को शिक्षा उन्नयन गोष्ठी व शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कंपोजिट विद्यालय की छात्राओं की वाणी वंदना, स्वागत गीत और गुरु वंदना से हुआ। बीईओ शिवकुमार यादव और पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित किया महामंत्री रमाकांत मौर्य ने कहा कि हर शिक्षक को हमेशा गंभीरता से काम करना होगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों को दंड न दिया जाए, सरकार की ओर से नित नए आदेश जारी किए जा रहे हैं। अटेवा के जिला संयोजक मंजीत यादव ने पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन उमेश त्रिपाठी और प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने किया।
अवकाश प्राप्त शिक्षक सुरेन्द्र बहादुर सिंह, चंद्र हास सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, श्री राम सोनी, ज्ञान चंद पांडेय ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वहीं, कार्यक्रम में बीईओ, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह और पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अब्दुल रसीद ने सेवानिवृत्त शिक्षिका मंजुलेश श्रीवास्तव को अंगवस्त्र, प्रमाण पत्र और राम चरित मानस की प्रति भेंटकर सम्मानित किया।