प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा के घर पहुंच ज्ञापन देते शिक्षक। -शिक्षक संघ
अमेठी। जिले में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विलय से उत्पन्न हुईं समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा के आवास हैदरगढ़ पहुंचकर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला संयोजक विवेक शुक्ला ने किया।
प्रतिनिधियों ने बताया कि विद्यालयों के विलय से कई शिक्षक-शिक्षिकाओं को कार्यदायित्व निर्वहन में दिक्कतें हो रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी स्कूल पहुंचने में असुविधा हो रही है। उन्होंने आग्रह किया कि यह विषय मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए, ताकि शासन स्तर पर समाधान निकाला जा सके। इस अवसर पर शिक्षक हित से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई।
प्रभारी मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समस्याओं को प्राथमिकता पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी सुझाव प्राप्त हुए हैं, उन्हें शासन में संबंधित विभाग के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक संयोजक सिंहपुर सत्येंद्र तिवारी, सचिन श्रीवास्तव, अश्वनी द्विवेदी, रवि कुमार आदि मौजूद रहे। शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि शासन विद्यालयों की व्यवस्था और शिक्षक-शिक्षिकाओं की स्थिति को समझते हुए उचित दिशा में निर्णय लेगा।