.शाहगढ़ के कौशल किशोर शिविर में मौजूद बच्चे। स्त्रोत : आयोजक
अमेठी। गायत्री परिवार की ओर से शनिवार को श्री हनुमान इंटर कॉलेज कमलानगर शाहगढ़ में किशोर कौशल शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीडीओ सूरज पटेल ने किया।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने छात्र जीवन को याद किया और सफलता के तीन सूत्र डायरी लेखन की आदत, संपादकीय पढ़ना और लक्ष्य पर निरंतर फोकस को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. प्रवीण सिंह दीपक ने व्यक्तित्व परिष्कार के चार स्तंभ आत्मविश्वास, बोलने की कला, अनुशासन और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक पवन, ब्लॉक समन्वयक अविनाश कुमार सिंह ने विचार रखे।
छात्र आदित्य ने नशा मुक्ति पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। जिला समन्वयक डॉ. त्रिवेणी सिंह ने गायत्री परिवार की सप्त क्रांतियों की चर्चा की। मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने गायत्री परिवार के धर्म, अध्यात्म और राष्ट्र निर्माण के समन्वित प्रयासों की सराहना की। सोशल मीडिया अवसर या चुनौती विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में संदीप, ऋतिक मौर्य और अनुभव मिश्र ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
नाट्य मंचन और गीत प्रस्तुति में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन सत्यम अग्रहरि ने किया। इस मौके पर ब्लॉक समन्वयक रामयश शास्त्री, अशोक मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव, राम औतार कश्यप, अजय आदि मौजूद रहे।