अमेठी सिटी। प्रतिभाएं कभी किसी पहचान की मोहताज नहीं होती हैं। इनको प्रोत्साहन जरूरी है, ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिल सके। ये बातें जिलाधिकारी संजय चौहान ने अमर उजाला भविष्य ज्योति कार्यक्रम में मेधावियों को संबोधित करते हुए कहीं।
यूपी बोर्ड एवं सीबीएसई के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावियों को सम्मानित करने के लिए अमर उजाला भविष्य कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को मुसाफिरखाना के होटल सरस्वती इन में किया गया। इससे मेधावियों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी, सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह और शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल के निदेशक रंजीत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के बाद अच्छे नंबर आने पर हम लोग सुस्त पड़ जाते हैं, यह नहीं होना चाहिए। सफलता के लिए निरंतर जरूरी है। सक्सेस और फेलियर जिसको पचाना आता है, वही सफल होता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने कहा कि सफलता के लिए कोई शाॅर्टकट नहीं होता है। कड़ी मेहनत और निरंतरता सबसे महत्वपूर्ण है। कहा कि जितना समय युवा रील देखने में बिता रहे हैं, उतना समय पढ़ाई में लगाएं तो उन्हें कामयाब होने से कोई नहीं रोक सकत्ता।
इन विद्यालयों के विद्यार्थी हुए सम्मानित
कार्यक्रम में शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल मुसाफिरखाना, एमिटी स्कूल जगदीशपुर, जीजीआईसी मुसाफिरखाना, जीआईसी मुसाफिरखाना, जयपुरिया स्कूल जगदीशपुर, डिवाइन पब्लिक स्कूल मुसाफिरखाना, प्रमोद आलोक इंटर कॉलेज अमेठी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना के विद्यार्थी सम्मानित किए गए। विद्यार्थियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर अतिथियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल सुल्तानपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अजय तिवारी, मुसाफिरखाना ब्रांच के प्रिंसिपल अंजनी तिवारी, जयपुरिया स्कूल जगदीशपुर के प्रबंधक जुबैर अहमद, व्यापारी नेता महेश सोनी आदि मौजूद रहे।