अमेठी सिटी। राजकीय हाईस्कूल अमेठी में शनिवार को ‘एक स्कूल, एक कार्यक्रम’ योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में नटरालिया वर्मा, मोहम्मद आकिब, अंजू सरोज व ललिता ने समसामयिक और शैक्षिक विषयों पर पूछे गए प्रश्नों के जवाब बहुत कम समय में दिए।
रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। रंगों के माध्यम से सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विषयों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। चित्रों में सामाजिक संदेश और रंगों की जीवंतता ने शिक्षकों को प्रभावित किया। प्रधानाचार्य डॉ. अनुज कुमार मौर्य ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा उभारने में सहायक होती हैं। इस मौके पर शिक्षक रामअवध पाल, परिक्रमा शंकर मिश्र व अमित श्रीवास्तव मौजूद रहे।