अमेठी सिटी। ताला स्थित केंद्रीय विद्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य कपिलदेव मिश्र ने दीप जला कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता से पूर्व आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ये देश मेरे गीत पर बच्चों ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। सदनवार आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर टैगोर सदन टीम और शिवाजी सदन टीम फाइनल में पहुंची। फाइनल मैच के तीन सेट में टैगोर सदन टीम विजेता और शिवाजी सदन टीम उपविजेता रही। वहीं, गुब्बारा फोड़ में कक्षा एक के बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
इसके अलावा कक्षा दो के बच्चों ने जलेबी रेस, कक्षा तीन के बच्चों ने सैक रेस और रिले रेस में कक्षा चार के बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान दीप्ति दीक्षित, विनोद कुमार, आलोक कुमार पांडेय, अर्पित जायसवाल, सृष्टि चौधरी, सतीश कुमार सिंह, रोशन कुमार, कपिल कुमार, उपासना, सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।