अमेठी। तहसील क्षेत्र के महमूदपुर के रामनाथपुर बड़ा गांव निवासी कृष्ण कुमार जबरन कब्जे के विरोध में परिजनों संग बृहस्पतिवार को तहसील परिसर पर धरने पर बैठ गया।
आरोप था कि पुलिस व राजस्व विभाग की मिलीभगत से गांव के कुछ लोगों द्वारा जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर लिया है। इसके लिए उन लोगों ने अधिकारियों के यहां उचित कार्रवाई के लिए बहुत भागदौड़ की, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो वह परिवार के साथ धरने पर बैठ गए। आरोप है कि बृहस्पतिवार की सुबह बेटी व बहू के साथ विपक्षी ने मारपीट की, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्र पर कोई विचार नहीं हुआ, जिसके कारण आमरण अनशन करने के लिए मजबूर हैं। पीड़ित परिवार को धरने से उठाकर नायब तहसीलदार ने प्रार्थना पत्र लिया और मामले के निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया।