जायस (अमेठी)। कोतवाली क्षेत्र के जायस सलोन मार्ग पर बेहटा गांव के सामने शनिवार की शाम को तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक में टक्कर मार दी। मौके से भागते समय आगे जाकर एसयूवी भी पलट गई। जिससे बाइक व एसयूवी सवार तीन लोग घायल हो गए।
जिले के ग्राम पूरे राम प्रसाद मजरे मोहना निवासी स्वामीनाथ तिवारी (80) अपने दस वर्षीय पोते के साथ बेहटा गांव के पास बाइक से जा रहे थे। थाना मोहनगंज के ग्राम बिबियापुर निवासी एसयूवी चालक अब्दुल मोहनगंज से बरात लेकर नसीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे सनाउल्ला मजरे अशरफपुर जा रहा था। तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक सवार दो लोगों को तेज टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक मौके से भागने लगा। हालांकि आगे जाकर नसीराबाद थाने के सामने खाई में वाहन पलट गया। जिससे चालक घायल हो गया। तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। जहां से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।